आलापुर (अंबेडकरनगर)। संवाददाता पंकज कुमार
अंबेडकरनगर जिले के विकास खण्ड रामनगर अंतर्गत ग्राम धनुकारा के अनुसूचित जाति मोहल्ले में सार्वजनिक सड़क निर्माण को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ग्राम प्रधान द्वारा जनहित में कराए जा रहे रास्ते के निर्माण कार्य को गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अवरुद्ध किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है तथा क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य राजस्व अभिलेखों में दर्ज नवीन परती गाटा संख्या 432 की भूमि पर कराया जा रहा है। बीते 1 फरवरी 2026 को उपजिलाधिकारी आलापुर के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक एवं थाना पुलिस की मौजूदगी में भूमि का सीमांकन किया गया था। सीमांकन के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि निर्माण कार्य सार्वजनिक भूमि पर किया जा रहा है, न कि किसी निजी जमीन पर।

सीमांकन के बाद एसडीएम द्वारा अवैध कब्जा हटाकर निर्माण कार्य पूर्ण कराने का लिखित आदेश भी जारी किया गया। बावजूद इसके गांव निवासी छैलबिहारी पुत्र गोविंद द्वारा कथित रूप से रात के समय रास्ते के बीच लोहे का पिलर गाड़कर निर्माण कार्य रोक दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें विभिन्न धाराओं में झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है, जिससे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि जब भी राजस्व एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास करती है, तब विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और अधिकारी वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं। इस कारण अनुसूचित जाति मोहल्ले के लोगों का आवागमन बाधित है और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पारित आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए, अवरोध हटवाकर शीघ्र सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए तथा जनहित के कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और ग्रामीण प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।