Bihar News | अजमतपुर (वैशाली)
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
वैशाली जिले के अजमतपुर गांव के वार्ड संख्या 10 में आज संत शिरोमणि रविदास जी का जन्म दिवस बड़े ही श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने परंपरागत रूप से चरण (पैड़) पूजन कर अबीर-गुलाल एवं प्रसाद अर्पित किया तथा भजन-कीर्तन गाए गए।

माघ पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाने वाली रविदास जयंती को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। बहुजन समाज के लोगों ने संत रविदास जी की मूर्ति के साथ भ्रमण किया और आम लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया। ढोलक और झाल की धुन पर भजन गाकर संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया गया।

बहुजन समाज के बुद्धिजीवियों ने बताया कि संत शिरोमणि रविदास जी का जन्म वर्ष 1498 ईस्वी में उत्तर प्रदेश में हुआ था और उनके विचार सामाजिक समरसता व समानता का संदेश देते हैं।
जयंती के अवसर पर समाजसेवी उपेन्द्र राम द्वारा असहाय लोगों के बीच अंगवस्त्र का वितरण भी किया गया, जिसे लोगों ने सराहनीय पहल बताया।
इस मौके पर गोसाई मदन राम, संकल्प राम, उपेन्द्र राम, अनिल टेलर, गणेशी राम, दीपेन राम, अमोद राम, रामबाबू राम, युगेसर राम सहित बड़ी संख्या में बहुजन समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रविदास जयंती मनाई और सामाजिक एकता का संदेश दिया।