संवाददाता सुशील चंद्र
बाह (आगरा)
युवाओं में समाज सेवा की भावना को जागृत करने में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की अहम भूमिका है। इसी उद्देश्य को लेकर भदावर विद्या मंदिर (पी.जी.) कॉलेज बाह, आगरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य उद्घाटन आज प्राथमिक विद्यालय बाह देहात, ग्राम पंचायत एमनपुरा में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेंद्र कुमार द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, सेवा भाव और सामाजिक दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस विशेष शिविर का मुख्य विषय “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत एवं साक्षरता अभियान” रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में NSS स्वयंसेवक ग्राम स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रौढ़ शिक्षा जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य करेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुज कुमार ने NSS स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह शिविर विद्यार्थियों को समाज की जमीनी हकीकत से जोड़ने का कार्य करता है। शिविर के दौरान प्रतिदिन योग अभ्यास, बौद्धिक सत्र एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. दिग्विजय यादव, श्री इंद्रपाल सिंह, डॉ. राहुल पचौरी, डॉ. निखिल, श्री सूरज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।