Bihar News : नवपदस्थापित थानाध्यक्ष की बड़ी कार्रवाई, थाना से महज 10 कदम की दूरी पर विदेशी शराब बरामद
संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
नगर के कालीबाग थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने पदभार संभालते ही शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना से महज 10 कदम की दूरी पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक कारोबारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गिरफ्तार कारोबारी की पहचान राजकिशोर महतो, पिता शिवजी महतो, निवासी नोनियाडीह, कालीबाग के रूप में बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि थाना से महज 10 कदम की दूरी पर विदेशी शराब की बरामदगी और कारोबारी की गिरफ्तारी हुई है। इससे आसपास के क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब कारोबार को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि थाना के इतने करीब शराब का कारोबार कितने समय से चल रहा था और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका थी। हालांकि, इन सवालों का स्पष्ट उत्तर पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही सामने आ सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बरामद शराब के स्रोत तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।