Bihar : बगहा में 20 दिनों से लापता 14 वर्षीय छात्रा का अब तक कोई सुराग नहीं, परिजनों को अनहोनी की आशंका

IMG-20260921-WA0053
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

बगहा से बड़ी खबर है, जहां पिछले 20 दिनों से लापता सातवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। छात्रा के लापता होने से परिजन चिंतित और भयभीत हैं। परिजनों ने गांव के ही चार युवकों पर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। वहीं, छात्रा के लंबे समय से लापता होने के कारण परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।

मामला लौकरिया थाना क्षेत्र के बोदसर गांव का है। परिजनों के अनुसार, करीब 14 वर्षीय संजना बीते 20 दिनों से लापता है। वह सातवीं कक्षा में पढ़ती है। छात्रा के अचानक गायब होने के बाद से परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं।

परिजनों का आरोप है कि गांव के ही करण, दीपक, राजू और वीरेंद्र नामक युवकों ने संपत्ति का लालच देकर संजना को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। इस संबंध में परिजनों ने चारों युवकों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू किए जाने की बात सामने आई है।

परिजनों का कहना है कि छात्रा बीते 1 सितंबर की मध्यरात्रि से लापता है। 20 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। छात्रा की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, सदमे में उनकी मां कई बार बेहोश भी हो जाती हैं।

छात्रा के पिता प्रमोद सहनी सऊदी अरब में चालक के रूप में काम करते हैं। बेटी के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद वह अपनी नौकरी छोड़कर करीब एक सप्ताह के भीतर घर लौट आए। परिजन अब छात्रा की सुरक्षित बरामदगी के लिए बगहा एसपी राजेश कुमार से लेकर बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तक मदद की गुहार लगा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, घटना के बाद एक चालक के फोन कॉल का भी जिक्र सामने आया है। परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी को पैसों के लिए अगवा किया गया हो सकता है। हालांकि, परिजनों के मुताबिक अभी तक किसी तरह की फिरौती की मांग नहीं की गई है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले में नामजद एक युवक द्वारा पुलिस के समक्ष कथित रूप से घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और पुलिस को मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों से पूछताछ कर छात्रा की बरामदगी सुनिश्चित करनी चाहिए।

प्रमोद सहनी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने बिहार के लौकरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिनवलिया-बोदसर गांव में अपना घर बनाकर परिवार के साथ रहना शुरू किया है। वर्तमान में वह सऊदी अरब में चालक के रूप में कार्यरत हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। परिजनों की मांग है कि लापता छात्रा को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कर सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जाए।

Trending News