Bihar News: पीएम आवास योजना की सूची जारी करने को लेकर आम सभा आयोजित
संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर/वैशाली।
पीएम आवास योजना के तहत चयनित लाभुकों की सूची जारी करने को लेकर राजापाकर दक्षिणी पंचायत के पंचायत भवन परिसर में आम सभा का आयोजन किया गया। आम सभा की अध्यक्षता मुखिया प्रमिला देवी ने की, जबकि संचालन पंचायत सचिव ऋतुराज कुमार ने किया।

आम सभा में पंचायत के विभिन्न वार्डों से पीएम आवास योजना के चयनित लाभुकों के साथ सभी वार्डों के वार्ड सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान पंचायत के आवास सहायक प्रभाकर कुमार सिंह ने पीएम आवास योजना के तहत चयनित लाभुकों की जानकारी आम जनता को दी।
आवास सहायक ने बताया कि आगामी 30 सितंबर तक पंचायत भवन की दीवार पर चयनित लाभुकों की सूची चस्पा कर दी जाएगी। चयनित लाभुक पंचायत भवन जाकर सूची में अपना नाम देख सकते हैं। इसके बाद आवास योजना के तहत सरकार द्वारा निर्धारित राशि की पहली किस्त लाभुकों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
आम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवार अभी भी कच्चे मकान और झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने आवास योजना का लाभ दिए जाने की मांग की। इस पर आवास सहायक ने बताया कि जिन लाभुकों की वर्ष 2024 में जियो-टैगिंग सहित अन्य आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें आवास योजना का लाभ दिया जाएगा।
इस अवसर पर मुखिया प्रमिला देवी, प्रमुख प्रतिनिधि नथुनी प्रसाद सिंह, पंचायत सचिव ऋतुराज कुमार, आवास सहायक प्रभाकर कुमार सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर शंभू कुमार, उपमुखिया प्रतिनिधि राजेश कुमार, संजीत कुमार, रंजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं पीएम आवास योजना के चयनित लाभुक उपस्थित रहे।