आजमगढ़ पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, अधिकारियों से ली बाढ़ की स्थिति की जानकारी
रिपोर्ट : विजय कुमार
आजमगढ़, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को आजमगढ़ पहुंचे। रानीपुर रजमो, मोहम्मदपुर स्थित रामदेव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हेलीपैड पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने उनका शिष्टाचार स्वागत किया।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उप मुख्यमंत्री को जिले की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, राहत एवं बचाव कार्यों, प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता तथा विकास एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों से उन्हें अवगत कराया गया।
बाढ़ प्रभावित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बाढ़ प्रभावित लोगों को शासन की मंशा के अनुरूप अतिशीघ्र राहत किट एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए और राहत एवं सहायता कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने तथा पात्र प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री एवं शासन द्वारा अनुमन्य सहायता समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शोक संतप्त परिवारों से मिलकर व्यक्त की संवेदना
हेलीपैड से उप मुख्यमंत्री कार द्वारा पुलिस चौकी गंभीरपुर के समीप पहुंचे। वहां उन्होंने अवधेश कुमार मौर्य के पिता स्वर्गीय राम समुझ मौर्य के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत राम समुझ मौर्य के स्मृति चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश भाजपा के गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की माताजी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत माताजी के स्मृति चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उप मुख्यमंत्री ने दोनों शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की कामना की।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
उप मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण के दौरान जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।