Agra News : कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत आगरा पहुंचीं सांसद संजना जाटव, कार्यकर्ताओं से किया वन-टू-वन संवाद
आगरा, 30 अगस्त। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत राजस्थान के भरतपुर से लोकसभा सांसद एवं अभियान की राष्ट्रीय ऑब्जर्वर संजना जाटव रविवार को आगरा पहुंचीं। उन्होंने राजा मंडी स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन एवं विस्तार को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद कर उनकी राय और सुझाव भी लिए।
पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद संजना जाटव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश और प्रदेश में संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘संगठन सृजन अभियान’ का उद्देश्य ऐसे समर्पित, निष्ठावान और जमीन पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी देना है, जो पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

महानगर एवं जिलाध्यक्ष के चयन पर मंथन
संजना जाटव ने बताया कि आगामी महानगर अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया में कार्यकर्ताओं की राय और सुझावों को प्राथमिकता दी जा रही है। संगठन की जमीनी स्थिति को समझने के लिए स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद किया जा रहा है, ताकि योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित जिम्मेदारी दी जा सके।
कार्यकर्ताओं से किया वन-टू-वन संवाद
महानगर कांग्रेस कार्यालय में सांसद संजना जाटव ने उपस्थित वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मौजूदा स्थिति, क्षेत्रीय समस्याओं और पार्टी को बूथ एवं वार्ड स्तर पर मजबूत करने को लेकर सुझाव लिए। कार्यकर्ताओं ने भी संगठन विस्तार को लेकर अपने विचार और जमीनी फीडबैक उनके सामने रखा।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद संजना जाटव ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और संगठन को मजबूत कर आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
बैठक के दौरान महानगर अध्यक्ष अमित सिंह, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, राम टंडन, लक्ष्मीनारायण सिंह, अनुज शर्मा, मुकेश डागुर, डॉ. मधुरिमा शर्मा, दीपक शर्मा, सतेंद्र दुबे, गीता सिंह, रश्मि सिंह, विदुषी सिंह, प्रमोद कुमारी कुशवाहा, राघवेंद्र सिंह मीनू, याकूब शेख, अश्वनी जैन, अरुण शर्मा, रमाशंकर शर्मा, ताहिर हुसैन, अदनान कुरैशी, मोहसिन काज़ी, सचिन चौधरी, अज़हर वारसी, लब्बू पंडित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी आलाकमान के निर्देशों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करने का संकल्प जताया।