Agra News : आगरा में APPSA Girls Child Higher Education Scholarship कार्यक्रम, 49 मेधावी छात्राओं को मिले ₹8-8 हजार के चेक
आगरा। सेंट एंड्र्यूज स्कूल, बरौली अहीर आगरा के वातानुकूलित सभागार में 27 अगस्त को APPSA गर्ल्स चाइल्ड हायर एजुकेशन छात्रवृत्ति कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्धन एवं मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवयित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी एवं APPSA के पदाधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य लोगों का पौधे और बैज भेंटकर स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। हनुमान चालीसा पर छात्राओं की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने सभागार को भक्तिमय बना दिया। इसके अलावा मधुर गीत, प्रेरणादायी कविता और आकर्षक मंच संचालन ने उपस्थित अतिथियों एवं छात्राओं का मन मोह लिया।

49 छात्राओं को मिली छात्रवृत्ति
महिला सशक्तिकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ आगरा (APPSA) द्वारा प्रतिवर्ष मेधावी एवं निर्धन छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
इस वर्ष 49 चयनित छात्राओं को मुख्य अतिथि, APPSA पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा छात्रवृत्ति के चेक प्रदान किए गए। प्रत्येक छात्रा को इस वर्ष ₹8,000 का चेक दिया गया है। अगले तीन वर्षों में प्रत्येक चयनित छात्रा को कुल ₹24,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
12 वर्षों में ₹29.36 लाख की छात्रवृत्ति
APPSA सचिव डॉ. गिरधर शर्मा ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में संस्था की ओर से निर्धन एवं मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए ₹29,36,000 (उनतीस लाख छत्तीस हजार रुपये) की छात्रवृत्ति प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 49 छात्राओं का चयन APPSA के इस अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
दो छात्राओं को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग
इस अवसर पर APPSA उपाध्यक्ष एवं सिम्बायोजिया वर्ल्ड स्कूल के निदेशक डॉ. जी.एस. राणा ने दो छात्राओं को APPSA छात्रवृत्ति के अतिरिक्त विशेष आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।
उन्होंने परी कटारा, सेंट एंड्र्यूज स्कूल, बरौली अहीर को तीन वर्षों के लिए ₹51,000 तथा सान्या खान, भारतीय विद्यापीठ बाल भारती स्कूल, विभव नगर को तीन वर्षों के लिए ₹36,000 अतिरिक्त सहायता प्रदान करने की घोषणा की।
बेटियों की शिक्षा को बताया समाज की प्रगति का आधार
मुख्य अतिथि डॉ. रुचि चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में बालिकाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को आगे बढ़ने, अपने सपनों को साकार करने और जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अपने ओजस्वी काव्य पाठ से सभागार में उपस्थित छात्राओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने अपने स्थान पर खड़े होकर करतल ध्वनि से उनका सम्मान किया।
APPSA अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि APPSA द्वारा आयोजित यह समाजोपयोगी कार्य पूरे देश में अपने तरह का अनूठा प्रयास है। उन्होंने कहा कि संस्था निर्धन एवं मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में APPSA कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न चतुर्वेदी, संयुक्त सचिव त्रिलोक सिंह राणा, मनीष गुप्ता, कर्नल अपूर्व त्यागी, सुमित उपाध्याय, अनिल यादव, डॉ. फिरोज खान, रवि नारंग, विनय गुप्ता, शेखर भारत सिंह, डॉ. देवव्रत शर्मा, युवराज राणा सिंह, प्रांजल शर्मा, अपूर्वा शर्मा, शिवांजल शर्मा, ओशिन शर्मा एवं गुंजन पुंडीर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की सफलता में सेंट एंड्र्यूज स्कूल की प्राचार्या साहिबा खान, बी.डी. दुबे, रेहाना परवीन, अनीता मुद्गल, नीरजा शर्मा, अमित कुमार, रंजीत सिंह, जितेंद्र शर्मा, संजय शर्मा, धीरेश राजपूत एवं वाई.पी. सिंह का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि बेटी की शिक्षा केवल एक परिवार का भविष्य नहीं संवारती, बल्कि शिक्षित और सशक्त समाज के निर्माण की नींव मजबूत करती है।