संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण
सीमावर्ती नेपाल के तराई क्षेत्र और गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब पश्चिमी चंपारण जिले में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। गंडक, मसान सहित कई पहाड़ी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच रामनगर प्रखंड के सुदूरवर्ती दोन क्षेत्र से एक मार्मिक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक पिता अपने बच्चे को कंधे पर बैठाकर उफनती नदी की तेज धारा पार कर स्कूल पहुंचाता नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बुधवार को एक बार फिर वाल्मीकिनगर गंडक बराज से लगभग 1.34 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद गंडक नदी सहित अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है और दियारा क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है।

स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने और अनावश्यक रूप से जलधाराओं को पार करने से बचने की अपील की है।
वायरल वीडियो ने क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क, पुल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को आज भी जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। वीडियो में एक पिता ग्रामीणों की मदद से अपने बच्चे को सुरक्षित नदी पार कर स्कूल पहुंचाने का प्रयास करता दिखाई देता है।
यह दृश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की कठिनाइयों और आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता को एक बार फिर सामने लाता है।