संवाददाता – मोहन सिंह
बेतिया / पश्चिम चंपारण (बिहार)
02 अप्रैल 2026
बेतिया । पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां पुलिस पर नाबालिग बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना बेतिया पुलिस जिला अंतर्गत तीन गछिया ठाकुर टोला की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, एक परिवार जमीनी विवाद, मारपीट और चोरी की शिकायत लेकर लौरिया थाना पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया कि पुलिस खुद घर जाकर मामले की जांच करेगी।
बताया गया कि बाद में पुलिस पीड़ित के घर पहुंची और फिर उन्हें दोबारा थाना बुलाया गया। जब परिवार आवेदन देने थाना पहुंचा तो पुलिस द्वारा आवेदन लेने में आनाकानी की गई। इसी दौरान घर के एक नाबालिग बच्चे ने मोबाइल से पुलिस का वीडियो बना लिया, जो कथित रूप से पुलिस को नागवार गुजरा।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पुलिस ने बच्चे को थाना ले जाकर बेरहमी से पिटाई कर दी। बच्चे के पैरों के तलवों पर डंडे से मारने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया है और अब ठीक से चलने में भी असमर्थ है। परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने उसके पैर में गर्म पट्टी लगाने की सलाह दी है।
घटना के बाद बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि जब सुरक्षा देने वाली पुलिस ही इस तरह का व्यवहार करेगी, तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करे। इस घटना से पुलिस-जनता संबंधों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पीड़ित परिवार अपने घायल बच्चे को लेकर डीआईजी कार्यालय पहुंचा है और न्याय की गुहार लगा रहा है। वहीं क्षेत्र में बढ़ते जमीनी विवाद और भू-माफियाओं के प्रभाव को लेकर भी स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।