संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
ब्रजमोहनदास । वैशाली (बिहार)
बिहार के वैशाली जिले स्थित ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा महाविद्यालय सभागार में विश्व विज्ञान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना एवं विज्ञान के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम का मंच संचालन छात्र सचिन कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. रवि रंजन कुमार ने मुख्य वक्ता एवं उपस्थित शिक्षकों का स्वागत करते हुए विज्ञान दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता डॉ. सौरव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान ने मानव जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाया है। चिकित्सा क्षेत्र में विज्ञान की बदौलत गंभीर बीमारियों का इलाज संभव हुआ है। विज्ञान और तकनीक के माध्यम से मानव अंतरिक्ष तथा चंद्रमा तक पहुंच चुका है। साथ ही विज्ञान ने समाज में व्याप्त अंधविश्वास को दूर कर लोगों को जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

डॉ. अभिरंजन कुमार ने कहा कि विज्ञान रचनात्मकता और विनाश दोनों का मार्ग प्रस्तुत करता है, यह मानव पर निर्भर करता है कि वह विज्ञान का उपयोग किस दिशा में करता है।
कार्यक्रम के अंत में छात्रा स्मिता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर छात्रा नेहा कुमारी, आरुषि झा, मेघा कुमारी एवं रूबी कुमारी ने भी विज्ञान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।