संवाददाता: पंकज कुमार, आलापुर अंबेडकरनगर
अंबेडकरनगर जनपद के विकास खंड जहांगीरगंज में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी संतोष पांडेय को लेकर तबादला नीति के पालन पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि अधिकारी पिछले लगभग तीन वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं, जबकि शासन द्वारा नियमित स्थानांतरण नीति लागू होने का प्रावधान है।
ब्लॉक संसाधन केंद्र, देवरिया बाजार में उनकी लगातार तैनाती को लेकर कुछ शिक्षकों और शिकायतकर्ताओं ने आपत्ति दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि लंबे समय से एक ही पद पर बने रहने से कार्यालयी कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है और शिकायतों के निस्तारण में देरी हो रही है।
कुछ शिकायतकर्ताओं का यह भी दावा है कि विद्यालय संबंधी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती और फाइलें लंबित रखी जाती हैं। साथ ही, कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि शिकायत करने वालों के साथ व्यवहार संतोषजनक नहीं रहता।
कई आरोपों में यह भी कहा गया है कि कुछ मामलों में संबंधित पक्षों द्वारा “आवभगत” कर कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विभागीय सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि अधिकारी को उच्च स्तर का संरक्षण प्राप्त है, जिस कारण तबादला नहीं हो रहा। इस संबंध में जब संबंधित अधिकारी का पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो संपर्क नहीं हो सका।
मामले को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच और तबादला नीति के समान रूप से पालन की मांग की है।