Bihar News– वैशाली जिले के बरांटी थाना क्षेत्र अंतर्गत कनसारा गांव में लोटन चौधरी हत्याकांड के फरार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को बरांटी थाना पुलिस ने फरार अभियुक्तों के घर पर विधिवत इस्तेहार चिपकाया।

बताया जाता है कि कुछ माह पूर्व कनसारा गांव निवासी लोटन चौधरी की हत्या रमेश चौधरी, राकेश चौधरी एवं राजेश चौधरी द्वारा आपसी मिलीभगत से की गई थी। घटना के बाद से ही तीनों अभियुक्त करीब डेढ़ माह से फरार चल रहे हैं।
बरांटी थानाध्यक्ष पप्पू कुमार द्वारा लगातार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार बने रहे। न तो अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो सकी और न ही उन्होंने अब तक न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।
न्यायालय के निर्देश पर अभियुक्तों को हाजिर कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को उनके घरों पर इस्तेहार चिपकाया गया। इस दौरान बरांटी थानाध्यक्ष पप्पू कुमार, एएसआई मीरा कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि अभियुक्त निर्धारित समय सीमा में न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो आगे कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।