बिहार न्यूज
वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित कोनहारा घाट पर जलज सुदर्शन डॉल्फिन सफारी परियोजना के अंतर्गत दो जलज सफारी नौकाओं का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा किया गया।

यह कार्यक्रम भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन तथा भारतीय वन्यजीव संस्थान की संयुक्त परियोजना ‘जलज’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि इसी अवसर पर माननीय केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटील द्वारा देशभर में 25 नए जलज केंद्रों का ऑनलाइन उद्घाटन किया गया, जिसमें हाजीपुर स्थित जलज केंद्र भी शामिल रहा।

जलज परियोजना का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी बेसिन क्षेत्र में निवास करने वाले स्थानीय समुदायों को पर्यावरण संरक्षण, नदी संरक्षण एवं सतत आजीविका से जोड़ना है। परियोजना के अंतर्गत गंगा बेसिन क्षेत्र में कुल 75 जलज केंद्रों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है, जो पाँच प्रमुख आयामों पर आधारित हैं, जिनमें जलज सफारी एक महत्वपूर्ण घटक है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने जलज परियोजना की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों को जलीय जीवों के संरक्षण, गंगा नदी की स्वच्छता, तथा पर्यावरण अनुकूल आजीविका विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद हाजीपुर श्री सुशील कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी तारिक रजा, जिला परियोजना पदाधिकारी जिला गंगा समिति श्री मुनीश कुमार, नाविक गंगा प्रहरी विनोद साहनी, धनेश्वर, मुकेश, मनीष, गौरव, पंकज कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में गंगा प्रहरी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।