संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया । पश्चिमी चंपारण
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के तत्वावधान में पश्चिम चंपारण जिले में भूकम्प आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने हेतु 25 फरवरी 2026 को टेबल टॉप एक्सरसाइज तथा 26 फरवरी 2026 को फुल-स्केल मॉक अभ्यास (फिजिकल ड्रिल) आयोजित किया जाएगा।

इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी एवं संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि एनडीएमए के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मॉक ड्रिल को पूर्ण गंभीरता एवं समन्वय के साथ सफल बनाया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन तत्परता से करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में कुल सात सिमुलेशन स्थल चिन्हित किए गए हैं।
बेतिया शहर के पांच स्थल :
1.उत्क्रमित उच्च विद्यालय, शेखौना (मोतिहारी रोड)
2.राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल,बेतिया
3.समाहरणालय भवन, बेतिया
4.ऑफिसर कॉलोनी, बेतिया
5.जूडियो शॉपिंग कॉम्पलेक्स, बेतिया
अनुमंडल मुख्यालय के दो स्थल :
6. विनायक पेट्रोल पम्प, बगहा-01
7. फ्लाईओवर, अनुमंडल कार्यालय के समीप, बगहा-02
मॉक अभ्यास के दौरान आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों, एम्बुलेंस, दमकल वाहनों एवं अन्य संसाधनों के समन्वय हेतु बेतिया हवाई अड्डा परिसर को स्टेजिंग एरिया घोषित किया गया है। यहां भूकम्प प्रभावितों के लिए अस्थायी राहत केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां प्राथमिक उपचार, भोजन, पेयजल एवं आश्रय की व्यवस्था रहेगी।
जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए अनुश्रवण एवं नियंत्रण, कम्युनिकेशन, स्वास्थ्य, अग्निशमन, परिवहन, विधि-व्यवस्था, नगर निकाय, पशुपालन, विद्युत आपूर्ति, भवन निर्माण, मीडिया सहित कई कोषांगों का गठन किया गया है। सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी नामित कर दिए गए हैं।
अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) ने आम नागरिकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 26 फरवरी को आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट न फैलाएं, क्योंकि यह केवल आपदा से निपटने की तैयारी की जांच हेतु अभ्यास है।
प्रभारी पदाधिकारी जिला आपदा प्रबंधन शाखा नगमा तबस्सुम ने सभी स्टेकहोल्डर्स को विस्तृत जानकारी देते हुए समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत बनाने पर बल दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, एसडीएम बेतिया सदर विकास कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।