बेतिया / पश्चिमी चंपारण। बिहार सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के तहत “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के अंतर्गत समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान कुल 40 मामलों पर विचार किया गया।

जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। प्रमुख रूप से दिलशाद आलम, शंभू यादव, उर्मिला देवी, संजीत कुमार, नारायण शर्मा, राजकुमार साह, मिठू राम, सोनालिका सुन्दरम, जहांगीर आलम, अनिल कुमार शुक्ला, विजय प्रसाद, रामायात महतो और प्रेमजित मुखिया सहित अन्य लोगों ने आवेदन प्रस्तुत किए।
सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क और राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पादन तय समय-सीमा में किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। जनसुनवाई को प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद का प्रभावी माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे समाधान प्रक्रिया तेज होती है और प्रशासन पर लोगों का भरोसा मजबूत होता है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता अहमद अली और नगमा तबस्सुम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।