संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया । पश्चिमी चंपारण
पश्चिम चंपारण जिले में विकास योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन की अध्यक्षता में सोमवारीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी मामलों, आपूर्ति विभाग, बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, लोक सेवाओं का अधिकार, पंचायती राज, जन सुनवाई, प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम, सहकारिता, विद्युत, नीलाम पत्र वाद, खनन, ग्रामीण कार्य विभाग तथा आईसीडीएस सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम आम जनता तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना के तहत चिन्हित स्थलों पर जागरूकता वर्कशॉप आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा नियमित समीक्षा की जाए।
नीलाम पत्र वाद की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने थानास्तर पर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं बड़े बकायेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि राजस्व वसूली में तेजी लाई जा सके।
बैठक के दौरान अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने डीपीओ आईसीडीएस को निर्देश दिया कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निरीक्षण व्यवस्था मजबूत करने तथा लाभुकों को समय पर सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
अपर समाहर्ता ने कार्यपालक अभियंता (विद्युत) को निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
बैठक में अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया सदर विकास कुमार सहित विभिन्न जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।