निजीकरण के विरोध में बिजली विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल शुरू

मनोज कुमार राजौरिया इटावा: जिले में आज बिजली विभाग के कर्मचारी निजीकरण के विरोध में हड़ताल पर हैं। इसके साथ ही जिले में सभी सब स्टेशनों पर कर्मी कार्य बहिष्कार पर हैं। बिजली व्यवस्था के निजीकरण के विरोध में प्रदेश भर में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के कर्मियों के साथ ऊर्जा निगम के अभियंताओं ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। प्रदेश में बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए ऊर्जा प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था करने का दावा किया है।
बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का कहना है कि निजीकरण से न केवल विभाग को बल्कि उपभोक्ताओं को भी काफी नुकसान होगा। इसलिए विभाग का निजीकरण नहीं किया जाना चाहिए। इसके विपरीत सरकार गुपचुप रूप से निजीकरण के काम में लगी है। इन कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार उपभोक्ताओं के हित में काम कर रहे हैं और शासन के निर्देशों के अनुसार काम कर रहे हैं। बिजली चोरी रोकने और वसूली के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।
इसके बावजूद बिजली कर्मचारियों की समस्याओं का निदान करने के मामले में सरकार ने चुप्पी साध रखी है। अब गुपचुप तरीके से विभाग का निजीकरण करने की तैयारी की जा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर प्रशासन फिलहाल वेट एंड वॉच की नीति पर चल रहा है।