राजापाकर / वैशाली | संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
बेलकुंडा स्थित शारदा ज्ञान निकेतन विद्यालय के परिसर में विद्यालय का 20वां वार्षिकोत्सव कार्यक्रम धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक अमरेश सिंह, नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत की मुखिया बेबी देवी तथा विद्यालय के प्राचार्य अमित कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और भक्ति गीत से हुई, जिसकी मनमोहक प्रस्तुति छात्र सौरभ कुमार एवं उनके समूह ने दी। वार्षिकोत्सव समारोह में प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक के कई निजी विद्यालयों के संचालक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नर्सरी से लेकर कक्षा 10 तक के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान, भक्तिगान, लोकगीत, समूह नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। यूकेजी के छात्र आयांश भारद्वाज की टीम ने स्टेज पर लूंगी डांस की शानदार प्रस्तुति देकर खूब तालियाँ बटोरीं। कक्षा 8 की छात्रा शालिनी कुमारी के समूह ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में जूडो-कराटे से जुड़े विभिन्न आत्मरक्षा कौशल का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें बताया गया कि छात्राएँ अपनी सुरक्षा किस प्रकार कर सकती हैं। छोटे बच्चों की प्रस्तुतियों पर अभिभावकों और अतिथियों ने जोरदार तालियों से उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के निदेशक अमरेश सिंह ने बताया कि संस्थान अपने 20 वर्ष पूरे करने जा रहा है। विद्यालय में निर्धन वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, शिष्टाचार और सामाजिक व्यवहार पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
इस अवसर पर डायरेक्टर अमरेश कुमार सिंह, कुमार सौरभ, पप्पू कुमार, अमित कुमार, अरविंद कुमार सिंह, बेबी देवी, सुबोध कुमार सिंह, समाजसेवी अनिल कुमार, ज्योति शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ, छात्र-छात्राएँ एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।