राजापाकर / वैशाली। प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रखंड के सभी पंचायतों के वार्ड अनुरक्षकों का मानदेय बकाया रहने पर अनुरक्षकों ने आक्रोश जताते हुए भुगतान की मांग की। अनुरक्षकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह तथा बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार से मिलकर शीघ्र मानदेय भुगतान कराने की मांग रखी।

बताया गया कि 31 जनवरी को आयोजित पंचायत समिति की बैठक में विधायक महेंद्र राम, बीडीओ और बीपीआरओ द्वारा अनुरक्षकों को आश्वासन दिया गया था कि 15 दिनों के भीतर बकाया मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा। सोमवार को निर्धारित समयसीमा पूरी होने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर अनुरक्षकों ने नाराजगी व्यक्त की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ और बीपीआरओ ने सभी पंचायत सचिवों को निर्देश दिया कि वे वार्ड सदस्य सचिवों के साथ बैठक कर एक सप्ताह के भीतर, 22 फरवरी तक सभी अनुरक्षकों का मानदेय भुगतान सुनिश्चित करें। निर्देश में यह भी कहा गया कि जो वार्ड सदस्य भुगतान में लापरवाही करेंगे, उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि पंचायत सचिव स्तर पर भी कार्य में लापरवाही पाई गई तो उनके विरुद्ध परपत्र ‘क’ भरकर जिला स्तर पर कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। आश्वासन के बाद अनुरक्षक एक सप्ताह तक इंतजार करने पर सहमत होकर लौट गए।
मौके पर अरुण कुमार सिंह, मनोज कुमार पासवान, विश्वनाथ शाह, दिलीप कुमार सिंह, धर्मदेव सिंह, वीर बहादुर सिंह सहित दर्जनों अनुरक्षक उपस्थित रहे।