बेतिया / पश्चिमी चंपारण। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 25 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता के रूप में प्रति लाभुक ₹10,000 की दर से कुल ₹2500 करोड़ की राशि का अंतरण किया गया। राशि जारी करने की प्रक्रिया का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना स्थित संकल्प, 1 अणे मार्ग से रिमोट का बटन दबाकर किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बेतिया समाहरणालय सभागार में किया गया। यहां जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ और जीविका कर्मी भी कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम के बाद जिला पदाधिकारी ने लाभार्थी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि योजना से महिलाओं में स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ी है और वे छोटे-छोटे उद्यम शुरू कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार आगे भी आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी, ताकि महिलाएँ अपने रोजगार को बेहतर ढंग से संचालित कर सकें।
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक आरके निखिल कुमार ने बताया कि लाभान्वित महिलाएं बकरी पालन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन और खेती-बाड़ी जैसी गतिविधियों में राशि का उपयोग कर रही हैं। पश्चिमी चंपारण जिले में 1.19 लाख महिलाओं के खातों में ₹10,000–₹10,000 की राशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।