बेतिया / पश्चिमी चंपारण। मैनाटांड़ प्रखंड की मैनाटांड़ पंचायत में पिछले सप्ताह कौओं की आकस्मिक मृत्यु की सूचना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर जिला पशुपालन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम प्रभावित क्षेत्र का लगातार निरीक्षण कर रही है।

प्रशासनिक जांच और फील्ड निरीक्षण के आधार पर फिलहाल स्थिति सामान्य बताई गई है। जिले के अन्य किसी क्षेत्र से इस प्रकार की घटना की सूचना नहीं है। संभावित जोखिम को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग से समन्वय बनाकर प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सैनिटाइजेशन कराने का निर्देश दिया है। साथ ही निगरानी टीमों को सतत भ्रमण और रिपोर्टिंग के आदेश दिए गए हैं, ताकि स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा सके।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं से बचें। किसी भी क्षेत्र में पक्षियों की असामान्य मृत्यु या संदिग्ध स्थिति दिखने पर तुरंत नजदीकी प्रशासनिक इकाई या पशुपालन विभाग को सूचना दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।