बेतिया / पश्चिमी चंपारण। जिले में जल संरक्षण और जल संचयन कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के उद्देश्य से जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जल शक्ति पोर्टल पर योजनाओं की डाटा इंट्री के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने की।

प्रशिक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जल संचयन एवं संरक्षण से जुड़ी सभी योजनाओं का डाटा समयबद्ध, सही और पूर्ण रूप से पोर्टल पर दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर अपलोड की गई जानकारी प्रशासनिक निगरानी के साथ-साथ भविष्य की योजना निर्माण प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रगति रिपोर्ट में अपूर्ण या गलत डाटा दर्ज होने से वास्तविक स्थिति के आकलन में कठिनाई होती है, जिससे जिले की रैंकिंग और कार्य निष्पादन प्रभावित हो सकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित अपडेट सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण में यह भी निर्देश दिया गया कि प्राप्त तकनीकी जानकारी को फील्ड स्तर के कर्मियों तक पहुंचाया जाए, ताकि डाटा इंट्री में त्रुटि न हो। जिन योजनाओं का भौतिक सत्यापन पूरा हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया।
अधिकारियों को तालाब, चेकडैम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और सोख्ता गड्ढों जैसी जल संरक्षण संरचनाओं की जानकारी जियो-टैगिंग सहित अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। बताया गया कि कार्यों की नियमित समीक्षा होगी और लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, तकनीकी सहायक और फील्ड कर्मी उपस्थित रहे। अंत में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान और डाटा अपलोड की व्यवहारिक प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।