Bihar News । हाजीपुर । वैशाली
हाजीपुर स्थित जिला विधिज्ञ संघ भवन परिसर में सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण होली मनाने को लेकर एक परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता राज कुमार दिवाकर ने की।

अध्यक्षीय संबोधन में अधिवक्ता राज कुमार दिवाकर ने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत और बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक प्रमुख भारतीय पर्व है, जिसे रंगोत्सव के रूप में देश-विदेश में भारतीय मूल के लोग उत्साह और उल्लास के साथ मनाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा बिहार प्रदेश किसान मोर्चा के मीडिया प्रभारी अधिवक्ता हरेश कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि होली उत्सव की परंपरा की ऐतिहासिक शुरुआत बिहार से मानी जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि होलिका दहन में हरे पेड़ काटने से बचें तथा केवल सूखी लकड़ी या गोबर के उपलों का प्रयोग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
उन्होंने आगे कहा कि होली के दौरान प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों का उपयोग त्वचा और स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित है। साथ ही समाज में आपसी कटुता भुलाकर प्रेम और भाईचारे के साथ होली मनाने तथा पवित्र रमज़ान माह में रोजेदारों की भावनाओं का सम्मान करने की भी अपील की गई।
इस अवसर पर अधिवक्ता शंकर पासवान, गौतम कुमार, अरविंद कुमार राय, गिरधारी पंडित, उत्तम कुमार माथुर, सुशील कुमार पटेल, विनय कुमार झा, महान कुमार, राजेश बक्सी, बसंत कुमार, वेदप्रकाश, ललित मिलन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने नागरिकों से सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं नशामुक्त तरीके से रंगोत्सव मनाने का आग्रह किया।