इटावा में 18 मार्च को नुमाइश पंडाल में लगेगा रोजगार मेला
ब्यूरो संवाददाता
इटावा। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिशन रोजगार के तहत 18 मार्च 2026 को नुमाइश पंडाल, इटावा में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 9 बजे से शुरू होगा, जिसमें लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियां और नियोजक भाग लेंगे।
इन युवाओं को मिलेगा मौका
जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर इटावा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोजगार मेले में आठवीं पास, आईटीआई, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक तथा तकनीकी शिक्षा प्राप्त बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
इन पदों पर होगी भर्ती
मेले में ट्रेनी, मशीन ऑपरेटर, प्रोडक्शन ट्रेनी, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, सेल्स एग्जीक्यूटिव, पिकर/पैकर, सिक्योरिटी गार्ड, किचन हेल्पर, टेक्नीशियन, टेलीसेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, हेल्पर और सुपरवाइजर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
50 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती
इस रोजगार मेले में प्रमोकाश आउटसोर्स प्रा. लि., रेजोन सोलर, ब्लिंकिट, वर्धमान टेक्सटाइल, केविन केयर प्रा. लि., क्वेस कॉर्प, कुलदीप मोटर्स, राजेंद्र ऑटोमोबाइल्स (ह्युंडई व महिंद्रा), उकावा इलेक्ट्रिक व्हीकल, बजाज कैपिटल, फोन पे, बजाज लाइफ और एसबीआई लाइफ सहित कई कंपनियां भाग लेंगी।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
जिला सेवायोजन अधिकारी विकास मिश्रा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। हालांकि मेले में पहुंचकर भी पंजीकरण कराया जा सकता है। अभ्यर्थियों को अपने बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति तथा आधार कार्ड के साथ मेले में उपस्थित होना होगा।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को इटावा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, महाराष्ट्र और दिल्ली-एनसीआर में भी रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। यह रोजगार मेला पूरी तरह निशुल्क रहेगा।