Etawah News: Friend was murdered in love affair
ब्यूरो संवाददाता
इटावा: निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के नजदीक तालाब से छह दिन पहले युवक के शव बरामदगी मामले में पुलिस ने मंगलवार को राजफाश कर दिया। आरोपित दोस्त ने एक अन्य युवक के साथ मिलकर युवक के सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या करने के बाद शव को छिपाने की मंशा से तालाब में फेंक दिया था। मारा गया युवक आरोपित दोस्त की बहन से प्रेम करता था। दोस्त उसको दिल्ली जाने के बहाने से बस में बैठाने को साजिशन साथ ले गया था। आरोपित दोस्त को साथी सहित गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि 9 नवंबर की रात थाना ऊसराहार को सूचना मिली थी कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के किनारे सर्विस रोड पर एक युवक का शव पड़ा है। इस पर तत्काल उच्चाधिकारियों एवं थाना प्रभारी ऊसराहार गंगादास गौतम द्वारा मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया गया। मृतक की शिनाख्त गौरव पुत्र रामशरन निवासी ग्राम हवेली पटियात के रूप में की गई। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मृतक के दोस्त शिवकांत पुत्र कृष्णकांत निवासी हवेली पटियात व सूरज पुत्र संजय मिश्रा निवासी अजीतगंज थाना एलाऊ जनपद मैनपुरी के विरुद्ध हत्या व सुबूत छिपाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ भरथना के नेतृत्व में थाना ऊसराहार से गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर शिवरा अंडरपास सर्विस रोड से दोनों आरोपित को गिरफ्तार किया।