ब्यूरो संवाददाता
इटावा : समाजसेवा को समर्पित भारत विकास परिषद इटावा तुलसी द्वारा कलावती रामप्यारी बालिका इण्टर कॉलेज लखना में बालिकाओं को समर्पित दो प्रेरक कार्यक्रमों का आयोजन शाखा अध्यक्ष डॉ कैलाश चन्द्र यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वन्दना की सुन्दर प्रस्तुति कर सभी आगंतुकों का मन मोह लिया। प्रथम सत्र में राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “संस्कारशाला परिवार प्रबोधन” के कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें परिषद के द्वारा संचालित विभिन्न आयामों के विषय में जानकारी प्रांतीय उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश उपाध्याय ने दी।

मुख्य अतिथि डॉ सीमा जादोंन प्रांतीय संयोजिका दुर्गावाहिनी मातृशक्ति ने बालिकाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज बेटियों को समाज में जागरूक रहने की महती आवश्यकता हैं। आज की पीढ़ी के कुछ बच्चे संस्कारहीन हो रहे है सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव का असर बच्चों पर आज ज्यादा दिख रहा हैं इससे आपको बचना चाहिए। किसी भी कारण से अंजान व्यक्ति से मित्रता करना बेटियों के लिये खतरनाक साबित हो सकता हैं जिससे आपका पूरा जीवन और परिवार की मर्यादा भी संकट में पड़ सकती हैं। आज शासन बेटियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से सतर्क हैं किन्तु आपको घर से आते जाते या विद्यालय में होने वाली कोई भी अप्रिय घटना की जानकारी अपने माता पिता या शिक्षक को जरूर देनी चाहिए हम सभी लोग आपकी सहायता जरूर करेगे बशर्ते कि आप स्वयं भी सचेत रहें। उन्होंने बेटियों को धर्मान्तरण या लव जिहाद का शिकार होने से बचने को भी आगाह किया।
बेटियों की सुरक्षा को लेकर विशिष्ट अतिथि मंजू भदौरिया जनसहयोगी इण्टर कॉलेज मोढी की प्रधानाचार्य ने संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों को दुर्गावती, लक्ष्मीबाई के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आचरण को अपने जीवन में उतरना चाहिए। साथ ही समाजसेवी शशि दीक्षित, प्रीतम खन्ना और सुशीला राजावत ने भी बेटियों को हुनरमंद बनाने के साथ ही उनकी सुरक्षा हेतु चल रही शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी बेटियों को प्रदान की। संस्कारशाला परिवार प्रबोधन के इस सत्र का सफल संचालन नीलिमा चौधरी ने किया।
द्वितीय सत्र में “तनाव मुक्त परीक्षा पर चर्चा” का आयोजन हुआ जिसमें मुख्य अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ मुकेश यादव ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले सभी बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा की तैयारी के दौरान पढ़ाई के साथ ही स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है, घबराने की कोई जरूरत नहीं प्रश्न पत्र को समझकर पूरा पेपर सफल लेखन में हल करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ सर्वेश चतुर्वेदी ने कहा कि बच्चों को इस समय संतुलित आहार और पर्याप्त नींद लेनी चाहिए और बीच-बीच में हल्का व्यायाम या योग भी करें। परीक्षा दौरान तनाव से बचने के लिए सकारात्मक सोच जरूर बनाए रखें। आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों सही दिशा में किया गया आपका प्रयास निश्चित रूप से सफलता प्रदान कराएगा।
पूर्व प्राचार्य आर. एन दुबे एवं प्रधानाचार्य जे. एस. भदौरिया ने भी बच्चों को परीक्षा से जुड़ी उपयोगी बातें बताई। द्वितीय सत्र का सफल संचालन शिक्षक नेता एवं समाजसेवी पंकज कुमार सिंह चौहान ने सफलतापूर्वक किया।
आहूत हुए इस उपयोगी आयोजन में आये दोनों मुख्य अतिथि डॉ मुकेश यादव, डॉ सीमा जादोंन एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे जनपद की विभिन्न संस्थाओं के सम्मानित प्रधानाचार्य यथा पवन यादव, बेनीराम पाल, आर.एन. दुबे, डॉ सर्वेश चतुर्वेदी, अरुण कुमार पांडे, जे. एस. भदौरिया, मंजू भदौरिया, सुशीला राजावत, रामचन्द्र सिंह सेंगर, शोभाराम तिवारी, राजेश सिंह एवं सुमन बाई सहित अन्य अतिथियों का स्वागत, वन्दन, अभिनन्दन तुलसी शाखा के अध्यक्ष डॉ कैलाश चन्द्र यादव, सचिव डॉ ध्रुव कुमार गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष मौसमी पाल ने अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जिसकी सभी अतिथियों ने भूरि भूरि प्रशंसा की।
इस आयोजन को सफलता पूर्वक आयोजित किए जाने में मुख्य रूप से डॉ ध्रुव कुमार गुप्ता, नीलिमा चौधरी, शशि दीक्षित, वन्दना मिश्रा, मौसमी पाल, संगीता सिंह, प्रीतम खन्ना, प्रीती पाण्डेय, दीप्ति, प्रीति यादव, अंजू चौधरी एवं पंकज कुमार सिंह चौहान सहित तुलसी के अन्य सदस्यों और विद्यालय परिवार के सभी लोगों का सराहनीय योगदान रहा।