बेतिया/पश्चिमी चंपारण। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बैरिया प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसेवा से जुड़े मामलों का त्वरित और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा निर्धारित समयसीमा वाले मामलों का निष्पादन तय अवधि के भीतर किया जाए। उन्होंने कार्यालय संचालन, अभिलेख प्रबंधन और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया। साथ ही पारदर्शिता, नियमित रिपोर्टिंग और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने बलुआ रमपुरवा और सूर्यपुर पंचायत में संचालित एफआर कैम्प का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एफआर से जुड़े कार्यों को तेज गति और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। कैम्प की नियमित मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा।
इसके बाद डीएम ने गंडक नदी स्थित सिंघी घाट का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को घाट के रखरखाव, सुरक्षा और विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में कर्मठता, जवाबदेही और नियमित समीक्षा से ही व्यवस्था प्रभावी बनती है और जनता का विश्वास मजबूत होता है। मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बैरिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।