दयालपुर/वैशाली। BMD Mahavidyalaya Dayalpur में National Service Scheme (राष्ट्रीय सेवा योजना) इकाई द्वारा महाविद्यालय सभागार में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा प्रगति कुमारी ने किया। अध्यक्षता करते हुए डॉ. जया चौधरी ने कहा कि नशा केवल एक आदत नहीं बल्कि बीमारी से भी अधिक खतरनाक है। यह एक धीमा जहर है जो व्यक्ति को गलत दिशा में ले जाता है तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशे से स्वास्थ्य के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी होता है।
डॉ. अभिरंजन कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के सपनों और भविष्य को बर्बाद कर देता है, इसलिए सभी को जीवन में नशा से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षक एवं छात्रों ने नशा नहीं करने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली। मौके पर छात्र सचिन कुमार सिंह, प्रगति कुमारी, श्रुति प्रसाद, मेघा कुमारी, रौशनी कुमारी एवं स्मिता कुमारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।