संवाददाता मोहन सिंह बेतिया
74 वां गणतंत्र दिवस समारोह संपूर्ण जिला क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्थानीय महाराजा स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में मंत्री, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, पश्चिम चम्पारण द्वारा 9.00 बजे पूर्वाह्न राष्ट्रीय ध्वज को फहराया गया। इस अवसर पर जिलास्तरीय पदाधिकारी, कर्मी, गणमान्य व्यक्ति, पत्रकारगण, छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित थे। इसके पूर्व प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, बेतिया द्वारा गणतंत्र दिवस परेड का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
मुख्य समारोह स्थल के बाद समाहरणालय प्रांगण में जिलाधिकारी, कुंदन कुमार द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। विकास भवन में उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी, उपेन्द्र नाथ वर्मा द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। इसके साथ ही सभी कार्यालय प्रधान द्वारा अपने कार्यालय तथा आवंटित महादलित बस्तियों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम में भाग लिया गया।
मुख्य समारोह स्थल महाराजा स्टेडियम में प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम में पश्चिम चम्पारण जिला के योगदान एवं बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के समग्र इतिहास में पश्चिम चम्पारण जिला का अतुलनीय योगदान रहा है। इसके साथ ही मंत्री ने जिले में क्रियान्वित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित उपलब्धियों को साझा किया। वहीं नगर निगम में मेयर गरिमा देवी सिकारिया, मुफस्सिल थाने में थानाध्यक्ष राकेश कुमार भास्कर,महिला थाना में थानाध्यक्ष राणा रणविजय समेत ज़िले भर में सभी विभागों में झंडोत्तोलन किया गया।