राजापाकर/वैशाली। बिहार में फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन की मांगों को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को प्रखंड इकाई राजापाकर द्वारा कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। आंदोलन की अगुवाई प्रखंड अध्यक्ष ऋतुराज कुमार ने की।

उन्होंने बताया कि डीलरों की प्रमुख मांगों में अनुकंपा बहाल की समय सीमा को आजीवन करना और मानदेय को 30 हजार रुपये प्रतिमाह करना शामिल है। डीलरों का कहना है कि सरकार बार-बार आश्वासन देने के बावजूद इन मांगों को पूरा नहीं कर रही है।
इससे पहले 22 अगस्त को डाक बंगला चौराहे पर शांतिपूर्ण पद यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और पानी की बौछार की गई थी, जिसमें 12 डीलरों को गिरफ्तार भी किया गया था। इसी घटना के विरोध में कैंडल मार्च निकाला गया।
कैंडल मार्च में दर्जनों डीलर शामिल रहे, जिनमें ऋतुराज कुमार, गुड्डू सिंह, संतलाल राय, चूल्हाई राय, अनिल कुमार, संतोष कुमार, उमाकांत कुमार, छोटन सिंह, समुद्री देवी, अजय तिवारी, रमेश भगत, अशोक ठाकुर, मुकेश कुमार और संजीत कुमार चौरसिया प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
डीलरों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो 1 सितंबर से पूरे बिहार में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।