बेतिया/पश्चिमी चंपारण। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुख्य प्रशासिका डॉ. दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्य स्मृति दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान की शुरुआत 17 अगस्त को ओम शांति रिट्रीट सेंटर, दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की उपस्थिति में हुई थी। संस्था ने संकल्प लिया है कि भारत और नेपाल मिलकर लगभग 1 लाख यूनिट रक्त संग्रह करेंगे।

बेतिया में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन डीआईजी हर किशोर राय, एसएसबी कैंप असिस्टेंट कमांडेंट आशीष जे. कृष्णा, ब्रह्माकुमारी अंजना दीदी, रेड क्रॉस संयोजक अर्पित केशान, जगदेव प्रसाद और अजय कुमार केशान ने दीप प्रज्वलित कर किया। डीआईजी हर किशोर राय ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज और अन्य संस्थाओं द्वारा किया जा रहा यह कार्य अत्यंत सराहनीय है और भविष्य में रक्त की कमी को दूर करने में मदद करेगा।
शिविर में SSB 44 कैंप के जवान, NCC कैडेट्स, पुलिस लाइन के जवान, युवाओं, माताओं और बहनों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। ब्रह्माकुमारी बहनों और अन्य संस्थाओं ने भी सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जीएमसीएच हॉस्पिटल बेतिया टीम, और विभिन्न सामाजिक संगठनों का विशेष सहयोग रहा।
गौरतलब है कि 23 अगस्त 2025 को भी इस संस्थान द्वारा 51 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था।
डॉ. दादी प्रकाशमणि जी वह महान हस्ती थीं जिन्होंने भारत के प्राचीन मूल्यों को विश्व के 140 देशों तक पहुंचाया और उनका प्रेरणादायी जीवन आज भी सेवा-पथ पर मार्गदर्शन देता है।