संवाददाता-राजेन्द्र कुमार
वैशाली /हाजीपुर।
जनता के दरबार में जिलाधिकारी 70 से अधिक लोगों से मिले, किया समाधान आज समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी का जनता दरबार हुआ।जिला के विभिन्न प्रखंडों से आए 70 से अधिक फरियादी अपनी-अपनी बात को लेकर जिलाधिकारी से मिले।इनमें से कई मामलों का निष्पादन ऑन द स्पॉट ही कर दिया गया।
श्री अशोक कुमार मल्लिक ग्राम रसलपुर, प्रखंड जंदाहा ब्लॉक ऑफिस में साफ सफाई का कार्य करते हैं। छह महीने से पारिश्रमिक नहीं मिल रही थी।इन्होंने जिलाधिकारी को खुद आवेदन देकर बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी से पारिश्रमिक मांगने पर वे प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी के पास भेज देते हैं। वहां जाने पर वे बीडीओ साहब के यहां जाने को कहते हैं।
पारिश्रमिक नहीं मिलने से घर परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।जिलाधिकारी ने ऐसी स्थिति के लिए नाराजगी प्रकट करते हुए फोन पर ही जंदाहा के बीडीओ को निर्देश दिया कि तुरंत पारिश्रमिक का भुगतान करें।निर्देश के दो घंटे के अंदर ही भुगतान हो गया। श्री मल्लिक ने इसके लिए जिलाधिकारी के प्रति शुक्रिया अदा की है।
आज जिलाधिकारी जनता दरबार में 70 से अधिक लोगों से मिलें। उनकी परेशानियों को ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान वे फोन कर और आवेदन को खुद स्कैन कर संबंधित पदाधिकारी को त्वरित निष्पादन हेतु निर्देशित करते रहे।
आवेदकों में सैदाबाद, राघोपुर के श्री कारू शर्मा ने बासगीत
के लिए, चांदपुर कला, गोरौल के श्री हरिशंकर दास ने नलकूप चालू करने के लिए, राम लक्ष्मी नारायणपुर, महुआ के श्री अवधेश साह ने वृद्धावस्था पेंशन के लिए, पहाड़पुर तोई, सहदेई बुजुर्ग के गुलशन खातून ने सड़क दुर्घटना मुआवजा हेतु, भगवानपुर की रसिया खातून ने जमाबंदी सुधार हेतु, पातेपुर की कैलाशी देवी ने राशन कार्ड के लिए तथा हाजीपुर एसडीओ रोड के श्री संजीव कुमार ने दाखिल खारिज वाद को 8 महीने तक लंबित रखने की शिकायत को लेकर अपना आवेदन दिया।
इसमें से कुछ आवेदनों का निष्पादन तुरंत कर दिया गया और बाकी के लिए संबंधित पदाधिकारी को शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त श्री कुंदन कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्रीमती राखी केसरी, एडीएम (आपदा) श्री अरुण कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. श्याम नंदन प्रसाद,
एसडीएम सदर श्री राम बाबू बैठा, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी श्री नीरज, डीएसपी(मुख्यालय) सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।