बेतिया में महापौर ने “एक पेड़ मां के नाम अभियान-2” में महिलाओं से साझा किया हरियाली का संदेश
महापौर श्रीमती सिकारिया ने नगर निगम क्षेत्र में वृक्षा रोपण अभियान का उद्देश्य और महत्व समझाया, महिलाओं को पांच साल तक पौधों की देखभाल करने की प्रेरणा दी

बेतिया/पश्चिमी चंपारण। “एक पेड़ मां के नाम अभियान-2” के तहत नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 45 और 46 के विभिन्न मोहल्लों, शेखौना मठ प्लस टू स्कूल, छठ घाट और बैद्यनाथपुर के आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में महापौर श्रीमती सिकारिया ने वृक्षा रोपण का कार्यक्रम आयोजित किया।
महापौर ने महिलाओं से कहा, “जइसे रऊआ सब अपन घर परिवार संभालत बानी, वइसे ही एक-एक गो पेड़ के पांच साल तक देखभाल करे के बा।” उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में जारी वृक्षा रोपण अभियान का उद्देश्य और महत्व विस्तार से समझाया और महिलाओं को विशेष रूप से जागरूक किया।
महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 5 जून, अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस से शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र को हरा-भरा बनाना, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना और टिकाऊ भविष्य की नींव रखना है।
महापौर ने बताया कि इस वर्ष अभियान 5 जून से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगा। हर नागरिक को अपनी मां या धरती मां के नाम पर एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, वार्ड पार्षद मदन प्रसाद और मुन्ना राय भी उपस्थित रहे।