बिहार न्यूज़ : छठ महापर्व से पूर्व निगम क्षेत्र के पोखरों व घाटों पर लगेंगे महिला चेंजिंग रूम – महापौर गरिमा
महापौर गरिमा देवी सिकारिया की अध्यक्षता में हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक, साफ-सफाई, लाइटिंग और आवारा पशुओं पर नियंत्रण को लेकर निर्देश जारी

संवाददाता – मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। नगर निगम क्षेत्र में आगामी छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को महापौर गरिमा देवी सिकारिया की अध्यक्षता में नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में छठ घाटों को अधिक सुविधायुक्त बनाने सहित कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया गया।
महिला चेंजिंग रूम और प्रसाधन की व्यवस्था
महापौर ने बताया कि छठ महापर्व से पूर्व नगर निगम क्षेत्र के सभी पोखरों और छठ पूजा घाटों पर स्टेनलेस स्टील से तैयार महिला चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। इसके साथ ही, प्रत्येक घाट के पास उपयुक्त प्रसाधन (टॉयलेट) निर्माण का प्रस्ताव भी व्यापक चर्चा के बाद पारित किया गया है।
साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए नगर निगम क्षेत्र में पुख्ता साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। खराब पड़े हाईमास्ट व एलईडी लाइट पोस्ट को अभियान चलाकर दुरुस्त किया जाएगा। वहीं, नव अधिग्रहित क्षेत्रों में सार्वजनिक रोशनी की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
आवारा पशुओं पर नियंत्रण
महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम क्षेत्र में घूमने वाले आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए आश्रय स्थलों का निर्माण कराया जाएगा।
विकास योजनाओं की समीक्षा
बैठक में विभिन्न वार्डों में जारी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं को मानक गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सहभागिता
बैठक का संचालन नगर आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने किया। इस दौरान नगर निगम के सभी माननीय सदस्यगण और अधिकारी मौजूद रहे।