Bihar News । दयालपुर । वैशाली
बरांटी थाना कांड संख्या 113/26 में 17 ग्राम स्मैक बरामदगी मामले के नामजद अभियुक्त विक्रम कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार की रात एलटीएफ एवं बरांटी थाना की संयुक्त टीम ने दयालपुर गांव में छापेमारी की।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अभियुक्त अपने घर पहुंचा हुआ है। पुलिस वाहन को देखते ही एक महिला और एक पुरुष घर के अंदर घुस गए। पुलिस के पीछे जाने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और विरोध शुरू हो गया।
आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडा, भाला-गरासा तथा ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान एलटीएफ के पदाधिकारी श्रवण कुमार साहु गंभीर रूप से घायल हो गए और सिर में चोट लगने से बेहोश हो गए। हमलावरों द्वारा सरकारी पिस्टल छीनने की भी कोशिश की गई।
घायल अधिकारी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने 15 नामजद एवं 15 से 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा एवं अभियुक्त को भगाने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने नामजद आरोपित सीमा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।