आगरा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल की ओर से प्रदेश स्तरीय द्वितीय व्यापारी महासम्मेलन एवं प्रदर्शनी का आयोजन 30 मार्च को होटल ताज कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा किया जाएगा।
बुधवार को धाकरान स्थित होटल मोती पैलेस में आयोजित उद्घोषणा समारोह में मण्डल पदाधिकारियों ने सम्मेलन का पोस्टर जारी किया। जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील जे. सिंघी एवं केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहकर व्यापारियों को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल द्वारा प्रदेश भर के 472 व्यापारियों को विभिन्न पदों की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
जिला प्रभारी राकेश गोयन ने जानकारी दी कि सम्मेलन के साथ विभिन्न जिलों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा। कार्यक्रम में चार अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें व्यापारी संवाद के माध्यम से समस्याओं और समाधान पर चर्चा होगी।
बोदला बाजार कमेटी अध्यक्ष शैलेन्द्र जैन ने बताया कि एमएसएमई सत्र में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन और प्रश्नोत्तर कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अलावा लाफ्टर चैम्पियन प्रताप सिंह फौजदार अपने प्रेरक एवं रोचक उद्बोधन से व्यापारिक माहौल पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन के समापन पर लक्की ड्रा भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।