संवाददाता प्रताप सिंह आजाद
आगरा। देवउठान एकादशी के पावन अवसर पर सामाजिक एवं धार्मिक भावना के संगम के रूप में हरिनाम संकीर्तन सेवा ट्रस्ट द्वारा आगामी 1 नवम्बर 2025 को आठ निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम परशुराम पार्क, 100 फूटा राजपुर चुंगी, शमशाबाद रोड, आगरा पर संपन्न होगा।
प्रेस वार्ता में ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य श्याम भोजवानी ने जानकारी दी कि यह ट्रस्ट का चतुर्थ सामूहिक विवाह समारोह होगा। अब तक ट्रस्ट 18 कन्याओं के विवाह संपन्न करा चुका है, जबकि इस वर्ष आठ और कन्याओं को विवाह सूत्र में बंधाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विवाह उत्सव का शुभारंभ 31 अक्टूबर 2025 को सायंकाल 5 बजे होगा, जिसमें महिला संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी दौरान सभी कन्याओं के हाथों में मेहंदी रचाई जाएगी और पारंपरिक लोकगीतों की मधुर धुनों से वातावरण भक्तिमय बनेगा।
ट्रस्ट की अध्यक्ष गरिमा किशोरी जी ने बताया कि यह आयोजन समाज में सेवा, संस्कार और समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने शहर के कई वरिष्ठ समाजसेवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से गरिमा किशोरी, श्याम भोजवानी, अमित गुप्ता, रामवीर शर्मा, श्रीनिवास अग्रवाल, बलबीर सिंह बल्लो, रजत, मधु अग्रवाल, सुधा शर्मा, सत्यम शर्मा आदि उपस्थित रहे।😌