संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर / वैशाली (बिहार)
वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिणी पंचायत के कुशवाहा टोला में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पिस्तौल से फायरिंग की गई, जिसमें पीड़ित बाल-बाल बच गया। इस संबंध में पीड़ित ब्रह्मानंद सिंह ने राजापाकर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशवाहा टोला निवासी स्वर्गीय सकलदीप सिंह के पुत्र ब्रह्मानंद सिंह ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे सूरज कुमार उर्फ कुंदन कुमार (पिता रविंद्र भगत, ग्राम सिरसा बिरन, थाना लालगंज) तथा निशांत कुमार (पिता राकेश सिंह, ग्राम राजापाकर कुशवाहा टोला) ने मिलकर जान मारने की नीयत से उन पर पिस्तौल से फायरिंग की। चलायी गई गोली उनके कान के पास से गुजर गई, जिससे वे बाल-बाल बच गए।
आवेदन में ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि वे बाहर मजदूरी करते हैं। घर आने पर उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी कुंदन कुमार उनकी पुत्री सोनाली कुमारी पर गलत नजर रखता है और उसे उठाने की धमकी देता था। इस संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने नाराज होकर जान से मारने की धमकी दी तथा कथित रूप से कई युवकों को बुलाकर घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और अवैध शराब कारोबार से भी जुड़ा हुआ है। घटना में 8-10 अज्ञात बाहरी युवकों की संलिप्तता की भी बात कही गई है। गोली चलाने के बाद पुलिस द्वारा घटनास्थल से एक खोखा बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।