संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर / वैशाली (बिहार)
राजापाकर अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि संबंधी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। शिविर की अध्यक्षता प्रभारी अंचलाधिकारी सह राजस्व पदाधिकारी जूली कुमारी ने की।

शिविर के दौरान विभिन्न पंचायतों से आए भूमि विवाद मामलों की सुनवाई की गई। जाफरपट्टी पंचायत के प्रेम रजक बनाम दीपक बैठा के मामले में दखल-कब्जा को लेकर विवाद पाया गया। दोनों पक्षों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ अगले शिविर में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
राजा कुमार बनाम देवेंद्र सहनी के मामले में दखल कब्जा एवं भूमि मापी को लेकर विवाद सामने आया, लेकिन प्रतिवादी की अनुपस्थिति के कारण दोनों पक्षों को अगले शिविर में उपस्थित होने को कहा गया। वहीं लालदेव साह बनाम सुखदेव शाह के विवाद में खुटा-खंभा को लेकर विवाद होने पर दोनों पक्षों को सरकारी अमीन से भूमि मापी कराने का निर्देश दिया गया।
बैद्यनाथ सहनी के मामले में भूमि मापी विवाद की सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों को अंचल अमीन से मापी हेतु ऑनलाइन आवेदन करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं सरकारी अमीन द्वारा मापी से संबंधित मामलों को लेकर भी कई रैयत शिविर में पहुंचे।
राजस्व पदाधिकारी जूली कुमारी ने बताया कि राजस्व कर्मचारी द्वारा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद लंबित म्यूटेशन मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाएगा तथा परिमार्जन के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य रूप से करने की सलाह दी गई।
शिविर के दौरान राजापाकर थाना से किसी भी पुलिस पदाधिकारी की अनुपस्थिति के कारण कार्य निष्पादन में कठिनाई हुई, जबकि भूमि विवाद निवारण शिविर में पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य मानी जाती है।
इस अवसर पर अंचल कर्मियों में नवीन कुमार, शेखर कुमार, रूपा कुमारी, संगम कुमार, बच्चा बाबू एवं राकेश रंजन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।