राजापाकर/वैशाली। राजापाकर अंचल क्षेत्र में राजस्व कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से अंचल कार्यालय और आरटीपीएस काउंटर से जुड़े अधिकांश कार्य ठप हो गए हैं। 9 फरवरी से हड़ताल शुरू होने के बाद प्रमाण पत्र निर्गमन और फार्मर आईडी से जुड़े काम प्रभावित हैं, जिससे आम लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जाति, आय, आवासीय और ओबीसी प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में राजस्व कर्मचारी के हस्ताक्षर आवश्यक होते हैं। हड़ताल के कारण पिछले कई दिनों से प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों पर पड़ रहा है।
इन दिनों विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और कॉलेज नामांकन के लिए प्रमाण पत्र की जरूरत बढ़ गई है। रेलवे ग्रुप डी भर्ती सहित अन्य आवेदन प्रक्रियाओं में भी जाति, आय, आवासीय और ओबीसी प्रमाण पत्र अनिवार्य हैं, लेकिन कार्य बाधित होने से कई युवक आवेदन नहीं भर पा रहे हैं।
इस संबंध में अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था करने की प्रक्रिया चल रही है। फार्मर आईडी से जुड़े कार्य भी पंचायत सचिवों की व्यस्तता के कारण प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी वैशाली को पत्र लिखकर पंचायत सचिवों को राजस्व कर्मचारी का अतिरिक्त प्रभार देने का अनुरोध किया गया है। आदेश मिलते ही कार्य सुचारू रूप से शुरू कराने की बात कही गई है।