16 January 2026

संवाददाता: मोहन सिंह
स्थान: बेतिया / पश्चिमी चंपारण

चंपारण रेंज अंतर्गत वर्ष 2023 से 2025 तक के तुलनात्मक अपराध आंकड़ों में कई अहम बदलाव सामने आए हैं। पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) चंपारण रेंज द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में सामान्य चोरी, वाहन चोरी एवं उत्पाद अधिनियम के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि हत्या, डकैती और लूट जैसे गंभीर अपराधों में कमी आई है।

Bihar News: चंपारण रेंज में 2025 में चोरी व उत्पाद अधिनियम के मामलों में बढ़ोतरी, हत्या-लूट में आई कमी
आंकड़ों के अनुसार हत्या के मामलों में वर्ष 2023 में 260, वर्ष 2024 में 229 और वर्ष 2025 में 216 कांड प्रतिवेदित हुए हैं। यह संख्या वर्ष 2024 की तुलना में 5.67 प्रतिशत कम है।
डकैती के मामलों में वर्ष 2023 और 2024 में 11-11 कांड दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 5 रह गई, जो वर्ष 2024 की तुलना में 54.54 प्रतिशत की कमी दर्शाती है।
लूट के मामलों में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में 180, वर्ष 2024 में 124 और वर्ष 2025 में 64 कांड दर्ज हुए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 48.38 प्रतिशत कम है।
वहीं गृहभेदन के मामलों में वर्ष 2023 में 260, वर्ष 2024 में 319 और वर्ष 2025 में 317 कांड प्रतिवेदित हुए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 0.62 प्रतिशत कम है।
सामान्य चोरी के मामलों में वर्ष 2025 में बढ़ोतरी देखी गई। वर्ष 2023 में 842, वर्ष 2024 में 761 और वर्ष 2025 में 817 कांड दर्ज हुए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 7.3 प्रतिशत अधिक है।
वाहन चोरी के मामलों में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में 2526, वर्ष 2024 में 2391 और वर्ष 2025 में 2912 कांड प्रतिवेदित हुए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 21.79 प्रतिशत अधिक है।
सांप्रदायिक दंगा के मामलों में बड़ी कमी आई है। वर्ष 2023 में 11, वर्ष 2024 में 6 और वर्ष 2025 में मात्र 1 कांड दर्ज हुआ, जो वर्ष 2024 की तुलना में 83.3 प्रतिशत कम है।
बलात्कार के मामलों में वर्ष 2023 में 84, वर्ष 2024 में 103 और वर्ष 2025 में 78 कांड प्रतिवेदित हुए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 24.27 प्रतिशत की कमी दर्शाता है।
SC/ST एक्ट के अंतर्गत वर्ष 2023 में 639, वर्ष 2024 में 598 और वर्ष 2025 में 581 कांड दर्ज हुए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 2.84 प्रतिशत कम है।
हालांकि उत्पाद अधिनियम के मामलों में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में 7352, वर्ष 2024 में 7872 और वर्ष 2025 में 11,966 कांड प्रतिवेदित हुए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 52 प्रतिशत अधिक है।
इसके अलावा पॉक्सो अधिनियम के मामलों में भी गिरावट आई है। वर्ष 2023 में 312, वर्ष 2024 में 279 और वर्ष 2025 में 230 कांड दर्ज हुए, जो वर्ष 2024 की तुलना में 17.56 प्रतिशत कम है।
कुल मिलाकर चंपारण रेंज में जहां गंभीर अपराधों पर नियंत्रण के संकेत मिल रहे हैं, वहीं चोरी, वाहन चोरी और उत्पाद अधिनियम के मामलों में बढ़ोतरी पुलिस के लिए नई चुनौती बनकर सामने आई है।

About The Author