आगरा। फाल्गुन के उल्लास भरे माहौल में रविवार को धांधूपूरा स्थित गंगा विहार कॉलोनी के होटल ताज क्लासिक में पत्रकारों का भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों, समाजसेवियों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर होली के पारंपरिक उत्सव को अनोखे अंदाज में मनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि दिलों को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को चंदन जैसी शीतलता और इत्र जैसी मिठास की आवश्यकता है, इसलिए सभी को आपसी मतभेद भुलाकर राष्ट्र निर्माण के लिए एकजुट होना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि समाजसेवी राकेश भास्कर और प्रदीप पिप्पल ने कहा कि ऐसे सामाजिक आयोजनों से समाज में समरसता और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। वहीं समाजसेवी नेत्रपाल सिंह और मूलचंद ने फागुन मास के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार दीपक राज ने की, जबकि संचालन डॉ. सज्जन सागर ने किया। इस दौरान होली को पारंपरिक अंदाज में मनाते हुए रंगों के बजाय फूल, चंदन और इत्र की होली खेली गई, जिससे पूरे वातावरण में भारतीय संस्कृति की खुशबू फैल गई।
कार्यक्रम में ताज प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष डॉ. सज्जन सागर ने अपने मधुर कंठ से पारंपरिक होली गीत और ब्रज की लोकधुनों की प्रस्तुति दी, जिसने पूरे हॉल को ब्रज की होली के रंग में सरोबार कर दिया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा की, माथे पर चंदन लगाकर गले मिले और होली की शुभकामनाएं दीं।

इस होली मिलन समारोह में ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. सज्जन सागर, देश दीपक तिवारी, दीपक राज, सुनील साकेत, वीरेंद्र चौधरी, संजय सिंह, शोभित चतुर्वेदी, एसपी सिंह, दीपक राठौर, सागर सिंह, जगत नारायण, विमल कुमार, अभिमन्यु सिंह, रैंबो, संघ प्रिय गौतम, मुकेश राजपूत, प्रताप आजाद, प्रवेन्द्र व्यास सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति द्वारा मंचासीन अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी ने एक स्वर में समाज में शांति, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।