संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर । वैशाली
प्रखंड कार्यालय परिसर के बाहर प्रखंड क्षेत्र के सभी वार्ड अनुरक्षकों ने मानदेय भुगतान नहीं होने के विरोध में बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शन कर रहे अनुरक्षकों ने चेतावनी दी कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे तथा अपने-अपने वार्डों में नल-जल योजना के तहत पानी आपूर्ति का कार्य बंद रखेंगे।

अनुरक्षकों ने दर्जनों हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपते हुए बताया कि नल-जल योजना के तहत लंबे समय से मानदेय राशि का भुगतान नहीं होने के कारण 25 फरवरी से सभी अनुरक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के तहत कई वार्डों में जलापूर्ति बंद कर दी गई है तथा जल मीनारों में ताला लगा दिया गया है।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि अनुरक्षकों की मांग उचित है। मामले में जिला पदाधिकारी से मार्गदर्शन मांगा गया है तथा प्रधान सचिव स्तर पर भी भुगतान को लेकर दिशा-निर्देश प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने अनुरक्षकों से एक सप्ताह तक धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि जिला से आदेश मिलते ही सभी के खातों में मानदेय राशि भेज दी जाएगी।
बीडीओ ने यह भी कहा कि आम जनता के लिए पानी आपूर्ति बंद करना मानवता के खिलाफ है। यदि अनुशासनहीनता की स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी लिखा जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में उमेश कुमार, संगीता कुमारी, अक्षय कुमार, विक्की कुमार, जयप्रकाश कुमार, विजय प्रकाश, धर्मदेव सिंह, विश्वनाथ साह, रूबी देवी, अरुण कुमार सिंह, अर्चना देवी, रविंद्र शर्मा, शंकर ठाकुर, सुनील कुमार, विजय सिंह, मनीष कुमार, अंकित कुमार सहित कई अनुरक्षक मौजूद रहे।