राजापाकर (वैशाली)। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर राजापाकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी गौड़ी शंकर बैठा ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का पर्व है। सभी लोग मिलजुल कर शांति एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
थाना प्रभारी गौड़ी शंकर बैठा ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, अश्लील गीत बजाने तथा नशे की हालत में उपद्रव करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा नियमित पुलिस गश्ती की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष अवधेश राय, लोजपा (आर) प्रखंड अध्यक्ष मुकेश पटेल, गुड्डू सिंह, नथुनी प्रसाद सिंह, अनिल कुमार, तपसी प्रसाद राय, अशोक कुमार पासवान, कैलाश राय, जयप्रकाश सिंह, संतोष कुमार राय, गोपाल कुमार, राकेश कुमार सिंह, दयानंद राय, अजीत कुमार, काली प्रसाद गिरी, विनोद कुमार, रिंकू कुमार, अमरनाथ भगत, परमानंद सिंह, राजू कुमार साह सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।