राजापाकर / वैशाली
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जिला शिक्षा परियोजना वैशाली के आदेशानुसार रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 24 दिवसीय कराटे प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान जूडो-कराटे खेल से जुड़ी विभिन्न तकनीकों और आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई, ताकि छात्र-छात्राएं विषम परिस्थितियों में भी अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें। प्रतिभागियों को अलग-अलग रक्षा मुद्राएं, पकड़ से छूटने के तरीके और शारीरिक संतुलन के अभ्यास सिखाए गए।
कार्यक्रम समाप्ति के उपरांत विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य केशव नारायण की अध्यक्षता में छात्र-छात्राओं के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जूडो-कराटे न केवल आत्मरक्षा का मजबूत माध्यम है, बल्कि यह शारीरिक मजबूती, आत्मविश्वास और अनुशासन भी विकसित करता है।
उन्होंने सभी छात्रों को नियमित अभ्यास जारी रखने की सलाह दी।
मौके पर उपस्थित शिक्षकों में रविंद्र कुमार रवि, प्रवीण कुमार, अमरेश कुमार राय, राकेश कुमार झा, विनोद कुमार, निधि सिंह, रितु सिंह, प्रियंका वर्मा, प्रीति कुमारी, शिवाजी सिंह, शबनम खानम, सिद्रा शरीफ, रूपा कुमारी, शालिनी कुमारी, मीना देवी, दिनेश कुमार सहित जूडो-कराटे प्रशिक्षक प्रिंस कुमार मौजूद रहे।