संवाददाता विजय कुमार
प्रयागराज। मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को संगम सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति पर विस्तृत समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति पर कड़ी नाराज़गी जताई गई और संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।

प्रयागराज के जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड निर्माण की अत्यंत धीमी प्रगति और मॉनिटरिंग में कमी पर डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर का एक दिन का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में लगे संविदा कार्मिकों का वेतन रोकने और 15 दिनों में सुधार न होने पर संविदा समाप्ति का नोटिस जारी करने को कहा।
फार्मर रजिस्ट्री में कम प्रगति पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संबंधित उपजिलाधिकारियों और उप निदेशक कृषि से जवाब तलब किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसान आगे पीएम किसान सम्मान निधि समेत अन्य योजनाओं से वंचित हो सकते हैं।
यूपीपीसीएल एवं राज्य पर्यटन विकास निगम के कार्यों में देरी पर परियोजना प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग की सामूहिक विवाह और छात्रवृत्ति योजनाओं की खराब प्रगति पर भी नाराज़गी जताई गई।
सीएम डैशबोर्ड पर B, C और D रैंकिंग वाले विभागों को रैंकिंग सुधारने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा गया। निर्माण कार्यों को समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने, अतिरिक्त संसाधन लगाने, लंबित भुगतान शीघ्र करने और अपूर्ण परियोजनाओं पर यथोचित निर्णय लेने के निर्देश दिए गए।
पीएम सूर्यघर योजना, छात्रवृत्ति योजनाएं, फैमिली आईडी निर्माण, गोशाला सीसीटीवी स्थापना, विद्युत आपूर्ति, एम्बुलेंस रिस्पॉन्स टाइम (102/108) और आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा तक रैंकिंग में सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी जी.पी. कुशवाहा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।