Etawah News : प्राइवेट बस यात्रियों को दबंग बस चालक व साथियों ने पीटा

ब्यूरो संवाददाता
इटावा: सिविल लाइन इलाके के ईदगाह के पास हमीरपुर के राठ से दिल्ली जा रही प्राइवेट बस के चालक और अन्य लोगों ने बस यात्रियों के साथ मारपीट की। हमीरपुर जिले की पनवाड़ी से सभी मजदूर राठ होते हुए दिल्ली जा रहे थे। जिस बस के जरिए दिल्ली जाना तय हुआ था, उसका औरैया और उरई के बीच डिवाइडर से टकराकर एक्सीडेंट हो गया। देर होने पर बस सवार मजदूरों की ओर से हंगामा किया गया।
इसी हंगामे के बीच एक कांच का शीशा टूट जाता है, जिसके बाद दूसरी बस के जरिए सभी मजदूरों को इटावा के रास्ते दिल्ली भेजा जाना सुनिश्चित किया जाता है। लेकिन पहले वाली बस का चालक अपने कई अन्य साथियों को लेकर शास्त्री चौराहे पर पहुंचता है। जहां पर बस से उतारकर कई लोगों के साथ मारपीट करता है। जिससे करीब 5 लोग मामूली रूप से घायल हो जाते हैं। इस घटना की जानकारी जब पुलिस अधिकारियों को मिलती है तो बस को ईदगाह पर रोक कर गहनता से जांच की जाती है। उन दबंग आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस को सक्रिय किया जाता है।
बस यात्रियों के साथ मारपीट की सूचना मिलने के बाद खासी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जिन्होंने इस स्थिति को नियंत्रित किया और मारपीट करने वाले दबंगों को पकड़ने को पुलिस बल को सक्रिय किया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने 2 दबंगों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। घायल बस यात्रियों का मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में इलाज कराया गया। दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बाद बस को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया है।
इटावा के एसपी सिटी कपिलदेव सिंह के निर्देश पर दबंग लोगों के खिलाफ पुलिस मुहिम चलाकर के दो लोगों को पकड़ा जाता है, इसके बाद उनके खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।