Bihar News। बेतिया, पश्चिमी चम्पारण। संवाददाता मोहन सिंह
पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया स्थित आर-सेटी (RSETI) केंद्र का उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं एवं संसाधनों का विस्तृत जायजा लिया गया।

निरीक्षण के समय केंद्र में दो प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित पाए गए, जिनमें दुधारू पशुपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंतिम दिन था। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का मजबूत माध्यम है। ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हैं।
इसके पश्चात उन्होंने पीएमईजीपी (PMEGP) प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षण प्रक्रिया, उपलब्ध संसाधन एवं प्रशिक्षण की उपयोगिता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान लाभुकों से सीधे संवाद किया गया। लाभुकों ने बताया कि आर-सेटी द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण व्यवहारिक एवं रोजगारोन्मुखी हैं, जिससे स्वरोजगार स्थापित करने में सहायता मिल रही है।
उप विकास आयुक्त ने आर-सेटी प्रबंधन की सराहना करते हुए निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के बाद लाभुकों को बैंक लिंकेज एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ सकें।
इस मौके पर अग्रणी जिला प्रबंधक सतीश कुमार, आर-सेटी निदेशक संजय कुमार, नवनीत राज, सोनाली मित्रा एवं सौरभ कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।